Mango Production: अगर आप आम के मौसम के लिए पूरे साल गर्मियों का इंतजार करते हैं, तो आपके लिए अच्छी खबर है. दरअसल पिछले साल बढ़ते तापमान और गर्म हवाओं की वजह से आम की सप्लाई कम रही थी. पर इस साल अच्छी उपज की वजह से सप्लाई में कोई समस्या नहीं है. NDTV Profit ने Agmarknet से आंकड़े हांसिल किए हैं, जिससे पता चलता है कि पिछले साल की तुलना में इस साल अप्रैल के महीने में आम भारत के बाजारों में 70% ज्यादा आए हैं. आपको बता दें कि Agmarknet एक सरकारी पोर्टल है जो थोक बाजारों से एग्रिकल्चर प्रोडक्शन के सभी आंकड़े लेता है.
एक क्विंटल आम की कीमतों में हुई बढ़ोतरी
Agmarknet के अनुसार, अप्रैल 2025 में आम के औसत दाम भी ज्यादा रहे हैं. इस साल एक क्विंटल आम की कीमत 5,489 रुपये की तुलना में 8,063 रुपए रही है. हालांकि कीमतें किस्म के अनुसार भी अलग-अलग होती हैं.
'पैदावार के लिए मौसम अनुकूल रहा'
लखनऊ में आम की खेती करने वाले तारिक फैयाज ने कहा कि इस साल पैदावार शानदार रही है. मौसम अनुकूल रहा है. पुणे के किसान और थोक व्यापारी रोहन उर्सल ने भी कहा कि रत्नागिरी और देवगढ़ जैसे महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में आम की फसल भी अच्छी रही है. उन्होंने कहा कि इस साल फसल जल्दी आ गई, कुछ ही दिनों में मुंबई को लगभग एक लाख क्रेट प्रतिदिन आम की आपूर्ति हुई.
उर्सल ने कहा कि 'अप्रैल की तुलना में मई में महाराष्ट्र से आपूर्ति कम है. लेकिन कर्नाटक से सप्लाई बढ़ रही है. सप्लाई से पता चल रहा है कि इस साल सभी राज्यों में आम की पैदावर अच्छी रही है. कुल मिलाकर खरीदार भी खुश हैं. इस साल गर्मी का असर भी कम रहा है'. वहीं लखनऊ में फैयाज ने कहा कि इस समय आम की बोली लग रही है. इसलिए बेमौसम बारिश से नुकसान भी कम होगा.