आमेजन करेगी दो अरब डॉलर का निवेश, 6,000 करोड़ रुपये की बिक्री के करीब

भारतीय कारोबार पर बड़ा दांव लगाते हुए ई-वाणिज्य क्षेत्र की प्रमुख कंपनी आमेजन ने बुधवार को कहा कि वह कारोबार के विस्तार के लिए 12,000 करोड़ रुपये का निवेश करेगी। गौरतलब है कि ठीक एक दिन पहले भारतीय प्रतिद्वंद्वी कंपनी फ्लिपकार्ट ने 6,000 करोड़ रुपये की राशि जुटाने की घोषणा की थी।

फाइल फोटो

भारतीय कारोबार पर बड़ा दांव लगाते हुए ई-वाणिज्य क्षेत्र की प्रमुख कंपनी आमेजन ने बुधवार को कहा कि वह कारोबार के विस्तार के लिए दो अरब डॉलर (12,000 करोड़ रुपये) का निवेश करेगी। गौरतलब है कि ठीक एक दिन पहले भारतीय प्रतिद्वंद्वी कंपनी फ्लिपकार्ट ने एक अरब डॉलर (6,000 करोड़ रुपये) की राशि जुटाने की घोषणा की थी।

फ्लिपकार्ट ने मंगलवार को कहा था कि उसने मौजूदा और नए निवेशकों से 6,000 करोड़ रुपये से अधिक राशि जुटाई है जो इस नए और तेजी से विस्तृत होते भारतीय ई-वाणिज्य क्षेत्र में अब तक का सबसे बड़ा वित्त पोषण है।

भारतीय बाजार में पिछले साल कदम रखने वाली आमेजन ने कहा कि यह सबसे अधिक तेजी से वृद्धि दर्ज करते बाजारों में से एक है और इसकी बिक्री एक अरब डॉलर (6,000 करोड़ रुपये) की ओर अग्रसर है।

आमेजन ने एक बयान में कहा कि वह दो अरब डॉलर का अतिरिक्त निवेश करेगी ताकि अपनी तेज वृद्धि को समर्थन और ग्राहकों एवं विक्रेताओं को बेहतर अनुभव प्रदान किया जा सके।

अमेरिकी कंपनी आमेजन डॉट काम के संस्थापक और मुख्य कार्यकारी जेफ बेजोस ने कहा 'पहले साल के कारोबार के बाद भारत में ग्राहकों और लघु एवं मंझोली कंपनियों से मिली प्रतिक्रिया हमारी उम्मीद से बेहतर है।'

लेखक NDTV Profit Desk