भारती एयरटेल का मुनाफा पहली तिमाही में 9.6 प्रतिशत गिरा

एयरटेल के लिए यह लगातार 14वीं तिमाही है, जबकि उसका तिमाही नतीजा गिरा है। इस दौरान एयरटेल की आय 9.3 प्रतिशत बढ़कर 20,299.5 करोड़ रुपये हो गई।

दूरसंचार क्षेत्र की प्रमुख कंपनी भारती एयरटेल का मुनाफा 30 जून, 2013 को समाप्त तिमाही के दौरान 9.6 प्रतिशत गिरकर 688.9 करोड़ रुपये रह गया। कंपनी को पिछले वित्तवर्ष की इसी तिमाही में कंपनी को 762.2 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ था।

कंपनी के लिए यह लगातार 14वीं तिमाही है, जबकि उसका तिमाही नतीजा गिरा है। समीक्षाधीन अवधि में एयरटेल की आय 9.3 प्रतिशत बढ़कर 20,299.5 करोड़ रुपये हो गई, जबकि पिछले साल की इसी तिमाही में कंपनी को 18,570.3 करोड़ रुपये की आमदनी हुई थी।

कंपनी के अध्यक्ष सुनील भारती मित्तल ने एक बयान में कहा, इस तिमाही के नतीजे से परिचालन में स्थिरता दिखती है और वृद्धि की संभावना दिखती है। जून, 2013 की तिमाही में कंपनी की देश भर में प्रति मोबाइल उपभोक्ता से होने वाली औसत आय (एआरपीयू) बढ़कर 200 रुपये हो गई, जो पिछले साल की इसी अवधि में 16 रुपये थी।

इस तिमाही में डेरिवेटिव और विनिमय दर में उतार-चढ़ाव के कारण होने वाला नुकसान 534 करोड़ रुपये रहा, जबकि पिछले साल की इसी तिमाही में 160 करोड़ रुपये का लाभ हुआ था।

लेखक NDTV Profit Desk