मजबूत विदेशी संकेतों से सेंसेक्स 382 अंक चढ़ा, निफ्टी 118 अंक ऊपर

अमेरिका में प्रोत्साहन कार्यक्रम जारी रहने के फेडरल रिजर्व प्रमुख के बयान के असर से एशियाई बाजारों में मजबूती के रुख के बीच भारतीय बाजारों में भी शानदार तेजी रही।

मजबूत वैश्विक संकेतों के बीच प्रतिष्ठित शेयरों में तेजी के चलते बंबई शेयर बाजार के सेंसेक्स में गुरुवार को 382 अंकों की तेजी आई और यह लगभग छह सप्ताह के उच्चतम स्तर पर बंद हुआ।

बीएसई का 30 शेयरों पर आधारित सेंसेक्स सुबह 19,584.38 अंक पर मजबूत खुला। कारोबार के दौरान इसमें और मजबूती आई। सेंसेक्स अंतत: 381.94 अंक चढ़कर 19,676.06 अंक पर बंद हुआ।

सेंसेक्स इससे पहले 31 मई को 19,760.30 अंक पर बंद हुआ था और 28 जून के बाद इसमें किसी एक कारोबारी सत्र में यह सबसे बड़ी तेजी है।

सेंसेक्स में उछाल से बीएसई के बाजार पूंजीकरण में एक लाख करोड़ रुपये का फायदा हुआ। इसी तरह, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 118.40 अंक चढ़कर 5,935.10 अंक पर बंद हुआ। कारोबारियों के अनुसार यूएस फेडरल रिजर्व के प्रमुख बेन बर्नांके के उस बयान का बाजार पर असर रहा, जिसमें उन्होंने मौद्रिक प्रोत्साहन जारी रखने की बात कही थी।

लेखक NDTV Profit Desk