बढ़ सकते हैं डीजल, केरोसिन, एलपीजी के दाम

सरकार जल्द ही डीजल, केरोसिन तथा रसोई गैस के दाम बढ़ा सकती है, वहीं दूसरी तरफ सब्सिडी वाले सस्ते सिलेंडरों की संख्या बढ़ाकर नौ करने के प्रस्ताव पर भी अलग से विचार कर सकती है।

सरकार जल्द ही डीजल, केरोसिन तथा रसोई गैस के दाम बढ़ा सकती है, वहीं दूसरी तरफ सब्सिडी वाले सस्ते सिलेंडरों की संख्या बढ़ाकर नौ करने के प्रस्ताव पर भी अलग से विचार कर सकती है।

सरकार प्रत्येक परिवार को सालभर में दिए जाने वाले सस्ते सिलेंडर की संख्या मौजूदा छह से बढ़ाकर नौ कर सकती है। इसके लिए अलग से प्रस्ताव पेश किया जा सकता है इसके साथ ही सरकार विजय केलकर समिति की सिफारिशों पर भी गौर कर सकती है। समिति ने डीजल की कीमतों को सरकारी नियंत्रण से मुक्त करने के साथ-साथ घरेलू गैस सिलेंडर के दाम बढ़ाने की सिफारिश की है।

वित्त मंत्रालय ने राजकोषीय मजबूती के बारे में सुझाव देने के लिए केलकर समिति का गठन किया था। समिति ने अपनी सिफारिशों में डीजल के दाम चार रुपये, केरोसिन के दाम में दो रुपये प्रति लीटर तथा एलपीजी सिलेंडर में 50 रुपये प्रति सिलेंडर वृद्धि की सिफारिश की है।

पेट्रोलियम मंत्री एम वीरप्पा मोइली ने कहा, ‘यह एक प्रस्ताव है। यह सिर्फ प्रस्ताव के स्तर पर है। मंत्रालय इस रिपोर्ट पर विचार कर रहा है और अभी इस बारे में कोई भी निर्णय लिया जाना है।’

मंत्री ने हालांकि, कीमतों में शीघ्र बढ़ोतरी का संकेत नहीं दिया लेकिन अधिकारियों ने नाम उजागर नहीं करने की शर्त के साथ बताया कि केलकर समिति की सिफारिशों के आधार पर एक प्रस्ताव शीघ्र ही कैबिनेट में पेश किया जाएगा। अगर इस प्रस्ताव को मंजूरी मिली तो दाम बढ़ सकते हैं।

लेखक NDTV Profit Desk