देश के निर्यात में लगातार 18वें महीने गिरावट, मई में 0.79% घटकर 22.17 अरब डॉलर पर पहुंचा

देश के निर्यात में लगातार 18वें महीने गिरावट दर्ज हुई है। मई में यह 0.79 प्रतिशत घटकर 22.17 अरब डॉलर पर आ गया। इस दौरान आयात भी 13.16 प्रतिशत घटकर 28.44 अरब डॉलर रह गया।

प्रतीकात्मक तस्वीर

देश के निर्यात में लगातार 18वें महीने गिरावट दर्ज हुई है। मई में यह 0.79 प्रतिशत घटकर 22.17 अरब डॉलर पर आ गया। इस दौरान आयात भी 13.16 प्रतिशत घटकर 28.44 अरब डॉलर रह गया। मई, 2015 में यह 32.75 अरब डॉलर रहा था। वहीं मई में व्यापार घाटा कम होकर 6.27 अरब डॉलर रह गया, जो पिछले साल समान महीने में 10.4 अरब डॉलर रहा था।

वाणिज्य मंत्रालय ने व्यापार के आंकड़े जारी करते हुए कहा कि देश के निर्यात में गिरावट की दर कम हुई है। कमजोर वैश्विक मांग तथा तेल कीमतों में गिरावट से देश के निर्यात में दिसंबर, 2014 से लगातार गिरावट आ रही है।

अप्रैल-मई, 2016 में निर्यात 3.74 प्रतिशत घटकर 42.73 अरब डॉलर रह गया। इस अवधि में आयात भी 18.15 प्रतिशत घटकर 53.85 अरब डॉलर रह गया। इस अवधि में व्यापार घाटा 11.11 अरब डॉलर का रहा। मई में तेल का आयात 30.45 प्रतिशत घटकर 5.93 अरब डॉलर पर आ गया। गैर तेल आयात भी 7.06 प्रतिशत घटकर 22.5 अरब डॉलर रह गया।

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)

लेखक Bhasha