ईमानदार करदाताओं को सम्मानित करने से लोगों के रुख में बदलाव लाने में मिलेगी मदद : अरुण जेटली

वित्त मंत्री अरूण जेटली ने कहा कि उपयुक्त समय पर कर भुगतान करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है और ईमानदार करदाताओं को सम्मानित करने से कर भुगतान के बारे में लोगों के रूख में जरूरी बदलाव आएगा.

अरुण जेटली (फाइल फोटो)

वित्त मंत्री अरूण जेटली ने कहा कि उपयुक्त समय पर कर भुगतान करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है और ईमानदार करदाताओं को सम्मानित करने से कर भुगतान के बारे में लोगों के रूख में जरूरी बदलाव आएगा.

जेटली ने कहा, ‘‘जो भी कर बनता है उसका भुगतान हर किसी का कर्तव्य और जिम्मेदारी है, देय कर का भुगतान दुनिया के अधिकतर देशों में एक स्वीकार्य चलन है.’’ समय पर कर का भुगतान करने वाले करदाताओं को सम्मानित करते हुए जेटली ने यह बात कही.

करीब 8.43 लाख करदाताओं को समय पर कर के भुगतान को लेकर ईमेल के जरिये प्रशंसा पत्र भेजा जाएगा. जेटली ने कहा कि इस पहल से देय कर का भुगतान समय पर करने को लेकर लोगों के रूख में जरूरी बदलाव आएगा.

केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड, सीबीडीटी, मौजूदा आकलन वर्ष 2016-17 के लिये कर भुगतान के आधार पर विभिन्न श्रेणी में ईमेल के जरिये व्यक्तिगत करदाताओं को प्रशंसा पत्र भेजेगा. यह प्रशंसा पत्र वैसे मामलों में भेजा जाएगा जहां कर का पूरा भुगतान किया गया और करदाता के उपर कोई बकाया नहीं है तथा रिटर्न निर्धारित समय भरा गया है.

लेखक Bhasha