Invest Karnataka 2025: 140 करोड़ भारतीयों का सामूहिक लक्ष्य है विकसित भारत, पीयूष गोयल बोले- कर्नाटक के पास भी बड़ा सामर्थ्य

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि वित्त मंत्री ने मध्यम वर्ग को कर प्रोत्साहन दिया है, जिससे लोगों को कंज्यूमर शक्ति मिलेगी.

Source : X/@PiyushGoyal

इन्वेस्ट कर्नाटक 2025 में पहुंचे केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल (Piyush Goyal) ने कहा कि पिछले 10 वर्षों में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में विरासत के साथ विकास पर ध्यान केंद्रित किया गया है. उन्‍होंने कहा कि विकसित भारत, 140 करोड़ भारतीयों का सामूहिक लक्ष्य है और कर्नाटक के पास भी बड़ा सामर्थ्य है, कर्नाटक के पास दुनिया को देने के लिए बहुत कुछ है.

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इतिहास हमें कर्नाटक और भारत के भविष्य की दिशा में काम करने की ताकत देता है. उन्‍होंने उम्‍मीद जताई कि भारत वर्ष 2027 तक 5 ट्रिलियन डॉलर को पार कर लेगा और तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा.

उन्होंने कहा कि भारत एक मजबूत जीवंत अर्थव्यवस्था है. केंद्र और राज्य भविष्य की कहानी को दिखाने के लिए एक साथ सहयोग कर रहे हैं. हम विकसित, समृद्ध भारत, विकसित भारत देखना चाहते हैं.

वित्त मंत्री ने मिडिल क्‍लास को दी बड़ी राहत

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि वित्त मंत्री ने मध्यम वर्ग को कर प्रोत्साहन दिया है, जिससे लोगों को कंज्यूमर शक्ति मिलेगी. कंज्यूमर आधारित विकास और निवेश आधारित विकास दो ऐसे स्तंभ होंगे, जिन पर भारत की विकास की कहानी टिकेगी.

पीयूष गोयल ने कहा कि केंद्र और राज्य मिलकर नौकरियों और विकास को बढ़ावा देंगे. उन्‍होंने कहा, 'हम राजमार्गों का नेटवर्क विकसित कर रहे हैं ताकि लोग तेजी से आगे बढ़ सकें. एक्सप्रेस-वे के पूरा होने के बाद दिल्ली से मुंबई तक 12 घंटे में पहुंचा जा सकेगा.'

दुनिया भारत में निवेश के लिए इच्‍छुक

केंद्रीय मंत्री ने कहा, 'दुनिया भारत में निवेश करने के लिए उत्सुक है. हमें कर्नाटक में फिनटेक, गेमिंग और तकनीकी क्षेत्रों को बढ़ावा देने की उम्मीद है. हम जल्द ही खिलौना और फुटवियर विनिर्माण को बढ़ावा देने के लिए नीतियां लेकर आएंगे. भारत सरकार कर्नाटक के विकास के लिए तैयार है. उन्‍होंने कहा, पिछले 10 सालों में हमने 700 बिलियन डॉलर का FDI निवेश देखा है.

5 लाख करोड़ रुपये के MoUs मिले: MB पाटिल

इंडस्‍ट्री मिनिस्‍टर MB पाटिल ने कहा कि समिट में अब तक 5 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले हैं. सरकार का लक्ष्य ये सुनिश्चित करना है कि इनमें से कम से कम 70% प्रस्ताव साकार हों. पाटिल ने कहा, 'हमें 10 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिलने की उम्मीद है.' उन्होंने कर्नाटक आने वाले सभी निवेशकों से वादा किया कि राज्य उनके कारोबार को बढ़ाने में मदद करेगा.

पाटिल ने कहा, 'हम सभी क्षेत्रों पर जोर दे रहे हैं. हमने शुरुआत कर दी है. हम इसे और आगे बढ़ाएंगे. हर किसी का ध्यान आकर्षित करने वाली 'एयर टैक्सी' के बारे में मंत्री ने कहा, 'एयर टैक्सी शहरी परिवहन परिदृश्य में क्रांतिकारी बदलाव लाएगी. इसकी क्षमता 6 यात्रियों को ले जाने की है और ये एयर एम्बुलेंस के रूप में भी काम कर सकती है.'

Also Read: देश की ग्रोथ को कैसे रफ्तार दे सकती है युवा पीढ़ी? वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने जाहिर की अपेक्षाएं