दिल्ली और आस पास के साथ साथ देश के कई इलाकों में टमाटर के दाम काफी बढ़ गए और आम आदमी काफी परेशान हैं. दक्षिणी और अन्य उत्पादक राज्यों से आपूर्ति बढ़ने से टमाटर के दाम अगले 15 दिन में नीचे आ जाएंगे. भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह राय व्यक्त की है. इस समय टमाटर 100 रुपये प्रति किलो की ऊंचाई पर पहुंच चुका है. उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय के अनुसार देश के ज्यादातर हिस्सों में टमाटर एक माह से अधिक से आसमान पर पहुंच चुका है. कई स्थानों पर टमाटर का खुदरा भाव करीब 100 रुपये प्रति किलो की ऊंचाई पर चल रहा है.
मंत्रालय के 29 जून तक आंकड़ों के अनुसार महानगरों की बात की जाए तो दिल्ली में यह 92 रुपये किलोग्राम पर है. कोलकाता में 95 रुपये, मुंबई में 80 रुपये और चेन्नई में 55 रुपये प्रति किलोग्राम के भाव बिक रहा है. अन्य शहरों में लखनऊ में यह 95 रुपये, भोपाल में और तिरुवनंतपुरम में 90 रुपये, अहमदाबाद में 65 रुपये, जयपुर में 60 रुपये, पटना में 60 रुपये और हैदराबाद में 55 रुपये प्रति किलोग्राम की ऊंचाई को छू चुका था. उत्पादक क्षेत्रों में भी टमाटर काफी महंगा बिक रहा है. शिमला में यह 83 रुपये और बेंगलुरु में 75 रुपये किलोग्राम तक बिक रहा है. किस्म और गुणवत्ता के आधार पर इसकी कीमतों में अंतर हो सकता है.