523 करोड़ रुपये में दुनिया का सबसे महंगा हीरा बना 'पिंक स्टार'

बुधवार को जिनीवा में सोदेबी'ज़ नीलामघर ने दुनिया के सबसे बेशकीमती हीरे को आठ करोड़ 30 लाख अमेरिकी डॉलर में नीलाम किया, जो एक विश्वरिकॉर्ड है।

दुनियाभर में औरतों के मन में हीरे से स्वाभाविक लगाव रहता है, और उसे हमेशा से कीमती पत्थरों में शुमार किया जाता है, लेकिन अब गुलाबी रंग का एक अंडाकार हीरा विश्वरिकॉर्ड कीमत पर बिका है, जो आपके दिल की धड़कनों को रोक देने के लिए काफी है। बुधवार को जिनीवा में सोदेबी'ज़ नीलामघर (Sotheby's Auction House) ने दुनिया के सबसे बेशकीमती हीरे को आठ करोड़ 30 लाख अमेरिकी डॉलर (पांच अरब 22 करोड़ 90 लाख भारतीय रुपये) में नीलाम किया।

'पृथ्वी के महानतम प्राकृतिक खज़ानों का हिस्सा' कहा जाने वाला 'पिंक स्टार' नामक गुलाबी रंग का यह हीरा 59.6 कैरेट का है, जिसे आइज़ैक वुल्फ नामक शख्स ने खरीदा है और इसे 'पिंक ड्रीम' नाम दिया है। आइज़ैक वुल्फ न्यूयॉर्क के हीरा व्यापारी हैं। बुधवार को नीलामी की प्रक्रिया स्विस फ्रैंक में संचालित की गई थी, जो चार करोड़ 80 लाख स्विस फ्रैंक से शुरू होकर अंत में छह करोड़ 80 लाख स्विस फ्रैंक तक पहुंची, जो आठ करोड़ 30 लाख अमेरिकी डॉलर के बराबर हैं।

'पिंक स्टार' का आकार अब 2.69 सेंटीमीटर गुणा 2.06 सेंटीमीटर है, जबकि जिस समय इसे अफ्रीका की खदान से डी'बियर्स कंपनी द्वारा निकाला गया था, इसका वजन 132.5 कैरेट था। इसके बाद इसकी खुरदरी सतह को तराशा गया, जिससे इसका वजन 59.6 कैरेट रह गया। 'पिंक स्टार' को सबसे पहले वर्ष 2007 में बेचा गया था।

'पिंक स्टार' को नीलाम करने वाली कंपनी सोदेबी'ज़ के अनुसार, आठ करोड़ 30 लाख अमेरिकी डॉलर की कुल कीमत में दलाली भी शामिल है, और हीरे की वास्तविक बोली सात करोड़ 40 लाख अमेरिकी डालर लगी थी। दुनिया में सबसे महंगा हीरा होने का इससे पिछला रिकॉर्ड 'ग्राफ पिंक' नामक हीरे का था, जिसे वर्ष 2010 में लगभग चार करोड़ 57 लाख अमेरिकी डॉलर में खरीदा गया था।

लेखक NDTV Profit Desk
जरूर पढ़ें
1 FIIs ने की 776 करोड़ रुपये की बिकवाली, वेदांता ने पहले अंतरिम डिविडेंड को मंजूरी दी
2 भारतीय मसालों पर UK ने पैनी की नजर, बढ़ाई निगरानी, क्वालिटी के नए पैमाने जोड़े