- दोपहर 11.55 बजे के आसपास बीएसई सेंसेक्स में 159.11 अंकों या 0.28% की तेजी आई थी और इंडेक्स 57,325.85 के स्तर पर ट्रेड कर रहा था. वहीं, एनएसई निफ्टी 66.95 अंकों या 0.39% की तेजी लेकर 17,240.60 के स्तर पर था.
- बीएसई पर मिडकैप इंडेक्स 1 फीसदी तक की बढ़त दर्ज कर रहा था. सबसे ज्यादा तेजी अपोलो हॉस्पिटल, एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक, अडाणी पावर, चोला फाइनेंस ने दर्ज की थी. लोढ़ा, एबी कैपिटल, टाटा पावर और एसीसी गिरावट में थे.
- बाजार में शुरुआती कारोबार में बढ़त हुई, हालांकि बाजार इसे बरकरार नहीं रख सका. भू-राजनीतिक अनिश्चितताओं, बढ़ती मुद्रास्फीति और विदेशी कोषों की बिकवाली पर चिंताओं के बीच निवेशकों को किसी मजबूत संकेत का इंतजार है.
- ओपनिंग में सेंसेक्स में टाटा स्टील, महिंद्रा एंड महिंद्रा, भारतीय स्टेट बैंक, मारुति, आईसीआईसीआई बैंक, रिलायंस इंडस्ट्रीज और बजाज फाइनेंस में कारोबार की शुरुआत में बढ़त देखी गई. दूसरी ओर एचडीएफसी, इंफोसिस, एचडीएफसी बैंक और एचसीएल टेक्नालॉजीज लाल निशान में चले गए.
- अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.46 प्रतिशत बढ़कर 113.68 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर था. शेयर बाजार के अस्थाई आंकड़ों के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशकों ने सोमवार को शुद्ध आधार पर 6,387.45 करोड़ रुपये के शेयर बेचे.
- इससे पहले सोमवार को इंडेक्स 1,172.19 अंक या 2.01 प्रतिशत की गिरावट के साथ 57,166.74 अंक पर, जबकि एनएसई निफ्टी 302 अंक या 1.73 प्रतिशत गिरकर 17,173.65 अंक पर बंद हुआ.
- अमेरिकी डॉलर की मजबूती और विदेशी कोषों की बिकवाली के चलते रुपया मंगलवार को शुरुआती कारोबार में अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले छह पैसे टूटकर 76.35 पर आ गया. अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 76.34 पर खुला, और फिर 76.35 पर आ गया, जो पिछले बंद भाव से छह पैसे की गिरावट दर्शाता है. रुपया सोमवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 10 पैसे की गिरावट के साथ 76.29 पर बंद हुआ था.