शेयर बाजार में तीन माह की सबसे बड़ी गिरावट, सेंसेक्स 538 अंक टूटा

देश के शेयर बाजारों में सोमवार को भारी गिरावट दर्ज की गई। प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स 537.55 अंकों की गिरावट के साथ 25,623.35 पर और निफ्टी 171.90 अंकों की गिरावट के साथ 7,791.30 पर बंद हुआ।

प्रतीकात्मक फोटो

बंबई शेयर बाजार का सूचकांक सोमवार को 537.55 अंक लुढ़ककर 26,000 अंक के नीचे आ गया। सेंसेक्स में यह तीन महीने से अधिक समय की सबसे बड़ी गिरावट है। चीन की अर्थव्यवस्था को लेकर चिंता तथा पश्चिम एशिया में भू-राजनीतिक तनाव के कारण यह गिरावट दर्ज की गई।

भारी बिकवाली के बीच बीएसई में सूचीबद्ध कंपनियों का कुल बाजार पूंजीकरण 100 लाख करोड़ रुपये के आंकड़े से नीचे आ गया। इस गिरावट से निवेशकों को 1.54 लाख करोड़ रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ।

घरेलू विनिर्माण क्षेत्र में उत्पादन 28 महीने के निम्न स्तर पर आने तथा रुपये की विनिमय दर में गिरावट से भी बिकवाली गतिविधियां बढ़ी। लंबे अवकाश के बाद खुले एशिया के अन्य बाजारों में भी गिरावट का रुख रहा। एक निजी सर्वे में चीन में औद्योगिक उत्पादन में लगातार पांचवें महीने गिरावट की खबर का असर एशियाई बाजारों पर पड़ा। इसके परिणामस्वरूप शंघाई सूचकांक 7.0 प्रतिशत से अधिक नीचे आ गया और उसके बाद कारोबार को रोका गया।

30 शेयरों वाले सेंसेक्स में पूरे दिन गिरावट रही और अंत में यह 537.55 अंक या 2.05 प्रतिशत की गिरावट के साथ 25,623.35 अंक पर बंद हुआ। 22 सितंबर के बाद सेंसेक्स का यह न्यूनतम स्तर है। पिछले दो सत्रों में सेंसेक्स करीब 201 अंक मजबूत हुआ था।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 171.90 अंक या 2.16 प्रतिशत की गिरावट के साथ 7,791.30 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 7,937.55 से 7,781.10 अंक के दायरे में रहा। इससे पहले, किसी एक दिन में सर्वाधिक गिरावट 1 सितंबर को हुई थी। उस दिन निफ्टी में 185.45 अंक की गिरावट दर्ज की गई थी।

लेखक Reported by Bhasha
जरूर पढ़ें
1 PM Modi NDTV Exclusive: प्रधानमंत्री रिकॉर्ड ऐतिहासिक जीत को लेकर आश्वस्त, कहा- लोगों के सपनों को पूरा करने के लिए करते हैं काम
2 PM Modi NDTV Exclusive: बड़े लक्ष्यों को हासिल करने के लिए PM मोदी ने दिया 4-S का मंत्र- Scope, Scale, Speed और Skill
3 स्पेशल ट्रेडिंग सेशन में बाजार में रही हल्की बढ़त, लेकिन FIIs, DIIs ने की बिकवाली
4 10 Years Of PM Modi: 17 साल से अटके GST बिल को मोदी सरकार ने सत्ता में आते ही लागू किया
5 किर्गिस्तान में विदेशी छात्रों पर हो रहे हमले; भारतीय दूतावास ने जारी की एडवाइजरी