पेट्रोल-डीजल की कीमतों में क्यों आई भारी तेजी, सरकार ने अब ये वजह बताई

पेट्रोल और डीजल की कीमतों के 3 साल के ऊंचे स्तर पर पहुंचने के बीच सरकार ने उम्मीद जताई है कि इनकी कीमतें जल्द ही कम हो जाएंगी.

प्रतीकात्मक चित्र

पेट्रोल और डीजल की कीमतों के 3 साल के ऊंचे स्तर पर पहुंचने के बीच सरकार ने उम्मीद जताई है कि इनकी कीमतें जल्द ही कम हो जाएंगी. केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का कहना है कि अमेरिका में आए तूफान की वजह से ईंधन के दाम में हाल में तेजी आई. प्रधान ने अहमदाबाद में संवाददाताओं से कहा, 'हाल में ईंधन के दाम में तेजी आई है. इसका कारण अमेरिका में आया तूफान है. अंतरराष्ट्रीय बाजारों में कीमतों में कमी आने के साथ यहां भी दाम नीचे आएंगे.' उन्होंने कहा कि पिछले कुछ दिनों में मूल्य में कमी आनी शुरू हो गई है. पेट्रोल और डीजल की कीमतें बाजार से जुड़ी हैं.

यह भी पढ़ें : पेट्रोल की पोल खोल: कैसे 26 रुपये का पेट्रोल 70 रुपये का हो जाता है

पेट्रोलियम उत्पादों पर टैक्सों में कटौती की संभावना के बारे में पूछे जाने पर प्रधान ने कहा कि टैक्सों में कटौती नहीं की जा सकती, क्योंकि बुनियादी ढांचा विकास और कल्याणकारी योजनाओं के लिये कोष की जरूरत है. उन्होंने यह उम्मीद जताई कि पेट्रोलियम उत्पाद जल्दी ही जीएसटी के दायरे में आएंगे.

VIDEO : आम आदमी की जेब पर बढ़ता बोझ

प्रधान ने कहा, 'हमने जीएसटी को लेकर सभी राज्यों के बीच सहमति बनाई. मुझे उम्मीद है कि पेट्रोलियम उत्पाद भी जल्दी ही जीएसटी के दायरे में आएंगे.'
(इनपुट भाषा से)

लेखक NDTVKhabar News Desk