New IPO: स्टैनली लाइफस्टाइल्स ने IPO का प्राइस बैंड 351–369 रुपये तय किया

कंपनी इश्यू से मिले पैसों का इस्तेमाल ज्यादा स्टोर खोलने और नई मशीनरी और उपकरण खरीदने के लिए करेगी.

Source: Company's Official website

लग्जरी फर्नीचर बनाने वाली कंपनी स्टैनली लाइफास्टाइल्स (Stanley Lifestyles Limited) ने IPO का प्राइस बैंड तय कर दिया है, जो कि 351-369 रुपये प्रति शेयर है. 537 करोड़ रुपये के इस इश्यू में ताजा शेयर और ऑफर फॉर सेल दोनों का ही कॉम्बिनेशन होगा. IPO में 200 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी होंगे, जबकि 91.33 शेयरों का ऑफर फॉर सेल (OFS) होगा.

IPO के बारे में जानकारी

इश्यू कब खुलेगा: 21 जून

इश्यू कब बंद होगा: 25 जून

लॉट साइज: 40 शेयर

प्राइस बैंड: 351-369 रुपये प्रति शेयर

अपर प्राइस बैंड पर इसकी मार्केट वैल्यू 2,103.9 करोड़ रुपये होती है. ये इश्यू 21 जून को खुलेगा और 25 जून को बंद होगा. रिटेल निवेशकों के लिए इश्यू जिस दिन खुलेगा उसके एक दिन पहले यानी 20 जून को एंकर निवेशकों के लिए इश्यू खोला जाएगा

IPO में अगर आपको शेयर खरीदने हैं तो इसके लिए आपको पूरा एक लॉट खरीदना होता है, इसका लॉट साइज 40 शेयरों का है, इसके बाद आप 40 के मल्टीपल में शेयर खरीद सकते हैं. अगर आप एक लॉट खरीदते हैं तो अपर प्राइस बैंड पर आपको 14,760 रुपये का निवेश करना होगा. एक्सिस कैपिटल, ICICI सिक्योरिटीज, जे एम फाइनेंशियल और SBI कैपिटल मार्केट्स इश्यू के लिए बुक-रनिंग लीड मैनेजर होंगे.

कंपनी क्या करती है

स्टैनली लाइफस्टाइल्स भारत में एक सुपर-प्रीमियम और लग्जरी फर्नीचर ब्रैंड है. इस सेगमेंट में आय के मामले में कंपनी का मार्केट शेयर 5.61% है. FY2023 के लिए, ऑपरेशंस से कंपनी की आय एक साल पहले के 292.20 करोड़ रुपये से बढ़कर 419 करोड़ रुपये रही है, जबकि मुनाफा एक साल पहले के 23.22 करोड़ रुपये के मुकाबले बढ़कर 34.98 करोड़ रुपये हो गया है.

कंपनी इश्यू से मिले पैसों का इस्तेमाल ज्यादा स्टोर खोलने और नई मशीनरी और उपकरण खरीदने के लिए करेगी. 2025 और 2027 के बीच, कंपनी अपनी सब्सिडियरी कंपनियों ए बी एस सीटिंग, सना लाइफस्टाइल्स, स्टैनली रिटेल लिमिटेड, श्रस्ता डेकोर और स्टारस सीटिंग के जरिए दिल्ली, तमिलनाडु, तेलंगाना और महाराष्ट्र में 24 नए स्टोर खोलने की योजना बना रही है.