Ayodhya Ram Mandir: रिलायंस, अदाणी से लेकर ITC तक, अयोध्या में कॉरपोरेट इंडिया कैसे मना रहा है जश्न

हम आपको बताने जा रहे हैं उन कंपनियों के बारे में जो अयोध्या में श्रीराम के भव्य मंदिर उद्घाटन में जोर-शोर से हिस्सा ले रही हैं.

Source: X/BJP UP

अयोध्या में भव्य राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा का साक्षी हर कोई बनना चाहता है, 500 वर्षों के संघर्ष के बाद इस ऐतिहास दिन को मनाने के लिए राम भक्तों और श्रृद्धालुओं में गजब का उत्साह है, अयोध्या नगरी में दिवाली जैसा माहौल है.

आम इंसान से लेकर बड़े बड़े बिजनेसेज अयोध्या में अपने स्तर पर कुछ न कुछ योगदान दे रहे हैं. कोई फ्री में पानी की बोतलें बांट रहा है, तो कोई कंपनी अपनी कमाई का हिस्सा दान में दे रही है.

हम आपको बताने जा रहे हैं उन कंपनियों के बारे में जो अयोध्या में श्रीराम के भव्य मंदिर उद्घाटन में जोर-शोर से हिस्सा ले रही हैं.

डाबर इंडिया (Dabur India)

डाबर इंडिया ने 31 जनवरी तक अपने जितने भी प्रोडक्ट्स बेचेगी, उससे जो भी आय होगी उसका एक हिस्सा श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र को दान में देगी. इसके अलावा कंपनी इस दौरान अयोध्या में अपने प्रोडक्ट्स की सप्लाई को भी कई गुना बढ़ाने जा रही है, ताकि वहां दर्शन को आ रहे लोगों को जरूरत की चीजें मिलने में दिक्कत न हो. इसके अलावा कंपनी अपने प्रोडक्ट्स जैसे जूस, आंवला ते और डाबर वेदिक चाय का अनुभव कराने के लिए एक्सपीरियंस जोन भी खोलेगी. इसके अलावा कंपनी ने लखनऊ, गोरखपुर, वाराणसी हाइवे पर ढाबे वालों और रेस्टोरेंट वालों के साथ करार किया है. जहां वो अपने प्रोडक्ट्स मुहैया करा रहे हैं.

अदाणी विल्मर (Adani Wilmar)

अदाणी विल्मर ने इस आयोजन में शामिल होने की तैयारी के तहत अपनी योजना का ऐलान किया है. 7 दिनों तक अदाणी ग्रुप कै ब्रैंड फॉर्च्यून ने 25,000 जलेबियों के वितरण की योजना बनाई है. ये जलेबियां फॉर्च्यून लोगो 'ब्लूम' के आकार की होंगी. फॉर्च्यून एक स्पेशल पकोड़ा प्लेटर लेकर आएगा, जिसे खासतौर पर ब्रैंड के प्रोडक्ट्स के इस्तेमाल से बनाया जाएगा. पूरे शहर में 10 स्नैक्स शॉप्स पर ये बेचा जाएगा. इसके अलावा 5000 लोगों के लिए एक फॉर्च्यून मेगा-भोग का भी आयोजन किया जाएगा.फॉर्च्यून ब्रैंड श्रीमद रामायण की पूरी TV स्पॉन्सरशिप ले रहा है, जो अयोध्या में समारोह के साथ ही प्रसारित हो रही है.

रिलायंस इंडस्ट्रीज (RIL)

रिलायंस इंडस्ट्रीज ने भी पानी बांटने के स्टॉल लगाए हैं, कंपनी वहां आने वाले लोगों को फ्री में पानी के पैकेट बांटेगी. RIL इंडिपेंडेंस नाम से पैकेज्ड पानी बेचती है. इसके अलावा रिलायंस जियो ने भी अयोध्या में भक्तों की बढ़ती संख्या को देखते हुए 4G और 5G की कनेक्टिविटी को बेहतर करने के लिए अयोध्या में मोबाइल टावरों की संख्या बढ़ाई है. कंपनी चाहती है कि जो भी श्रद्धालु अयोध्या आएं उन्हें नेटवर्क की दिक्कतें न झेलनी पड़ें.

ITC

देश की दिग्गज FMCG कंपनी ITC ने पूरे अयोध्या को सुगंधित करने की जिम्मेदारी उठाई है. कंपनी का अगरबत्ती ब्रैंड मंगलदीप मंदिर उद्घाटन के दिन मंदिर के परिसर में 'खुशबू पथ' बनाएगा. इस पथ पर पांच फीट ऊंची अगरबत्तियां जलाई जाएंगी जिससे मंदिर का पूरा प्रांगण सुगंधित होगा. इसके अलावा राम फेड़ी पर अगरबत्ती स्टैंड लगाएगा जहां से श्रृद्धालु पूजा के लिए अगरबत्ती ले सकेंगे. इसके अलावा कंपनी ने घाटों पर पूजा के लिए आउटलेट और प्लेटफॉर्म भी खोले हैं. ITC मंदिर का द्वार पर 6 महीने तक धूप बत्ती दान करेगी.

हैवेल्स इंडिया (Havells India)

कंपनी मंदिर परिसर में लाइटिंग की व्यवस्था देख रही है. कंपनी ग्राउंड में लाइट्स लगा रही है, इसके अलावा भगवान राम की मूर्ति के इर्द-गिर्द 24 कैरेट गोल्ड प्लेट स्पॉटलाइट को भी लगाएगी. खंभों, रास्तों और जगह जगह पर लाइटिंग की जिम्मेदारी भी हैवेल्स ने ली है.

उबर (Uber)

अयोध्या में आने वाली भक्तों की संख्या को देखते हुए उबर ने उबर ऑटो कैटेगरी के तहत इलेक्ट्रिक ऑटो रिक्शा की शुरुआत की है. जिससे लोगों को आने जाने में परेशानी न हो. उबर की योजना उबरगो और उबर इंटरसिटी शुरू करने की भी है. जो उनके लिए काफी मददगार साबित होगी, जो अयोध्या के नजदीकी शहरों से दर्शन के लिए आना चाहते हैं.

नोवा डेयरी (Nova Dairy)

प्राण प्रतिष्ठा समारोह के लिए डेयरी कंपनी नोवा 1500 किलोग्राम घी दान करेगी. इस घी से प्रसाद बनाया जाएगा. कंपनी का कहना है कि घी की शुद्धता हमारी प्राथिकता है.

PVR

मल्टीप्लेक्स चेन चलाने वाली PVR Inox ने भी अपने थिएटर्स में 22 जनवरी को राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के आयोजन को लाइव दिखाने का फैसला किया है. ये लाइव प्रसारण देश के 70 शहरों में 160 सिनेमाघरों में दिखाया जाएगा. लाइव स्ट्रीमिंग सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक चलेगी. इसका टिकट 100 रुपये होगा, जिसमें एक बेवरेज और पॉपकॉर्न का कॉम्बो भी दिया जाएगा.

Inputs Taken from Various Websites and sources:-