पंजाब के पूर्व डिप्टी CM सुखबीर सिंह बादल पर एक हमलावर ने गोली चला दी. बादल, इस हमले में बाल-बाल बचे हैं. अमृतसर में स्वर्ण मंदिर के बाहर बुधवार की सुबह ये हमला हुआ. इस हमले का एक वीडियो भी सामने आया है. हमलावर को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया गया है.
वीडियो में ये घटना कैद हुई है कि किस तरह हमलावर ने गोली चलाई और फिर वहां मौजूद अन्य लोगों ने उसे पिस्तौल के साथ पकड़ लिया. हमले के दौरान मीडियाकर्मी भी वहां मौजूद थे. इस घटना के बाद स्वर्ण मंदिर की सुरक्षा पर भी सवाल उठ रहे हैं.
जफरबाल ग्रुप से जुड़ा है हमलावर
हमलावर काली पगड़ी में था. उसकी पहचान नरेन सिंह के रूप में की गई है. बताया जा रहा है कि नरेन सिंह, जफरबाल ग्रुप आतंकी संगठन से जुड़ा है. हमलावर नरेन सिंह बब्बर खालसा से भी जुड़ा बताया जाता है.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी नरेन सिंह, गुरदासपुर जिले के चौरा गांव का रहने वाला है. उसके पिता का नाम चनन सिंह बताया जाता है.
नरेन सिंह को चंडीगढ़ पुलिस ने दो बार पहले भी गिरफ्तार किया था. साथ ही साथ नरेन सिंह बुड़ैल जेल ब्रेक मामले में भी आरोपी रहा है.
देखिए वीडियो:
स्वर्ण मंदिर क्यों गए थे बादल?
स्वर्ण मंदिर में सोमवार को अकाल तख्त साहिब ने डेरा सच्चा सौदा सिरसा के प्रमुख राम रहीम को माफी और बेअदबी के मामले में सुखबीर सिंह बादल को सजा सुनाई थी. सुखबीर सिंह बादल को स्वर्ण मंदिर में सेवादार बनकर सेवा करने का आदेश दिया गया था.
इस सजा के तहत, उन्हें एक घंटा बाथरूम साफ करने, फिर लंगर घर में जाकर जूठे बर्तन धोने काे कहा गया था. इन सब के बाद उन्हें कीर्तन सुनने और श्री सुखमणि साहिब का पाठ करने को कहा गया था. बादल इस आदेश का पालन करने के लिए वहां मौजूद थे.
जत्थेदार रघबीर सिंह ने सजा सुनाते हुए कहा था कि सुखबीर सिंह बादल को चोट के चलते श्री दरबार साहिब के घंटाघर के बाहर ड्यूटी करनी है. वो व्हीलचेयर पर बैठ कर ये ड्यूटी देंगे.