Odisha Train Accident: ओडिशा के बालासोर में बड़ा ट्रेन हादसा, घायलों को पहुंचाया गया अस्पताल

हावड़ा से चेन्नई के बीच चलने वाली कोरोमंडल एक्सप्रेस, ओडिशा के बालासोर में हादसे का शिकार हो गई. 8-10 डब्बे पटरी से उतरने की खबर.

हावड़ा से चेन्नई के बीच चलने वाली कोरोमंडल एक्सप्रेस, ओडिशा के बालासोर में हादसे का शिकार हो गई है. शाम करीब 7 बजकर 20 मिनट पर हुए इस हादसे में ट्रेन की 8-10 पटरियां उतरने की खबर है. आपको बता दें कि कोरोमंडल एक्सप्रेस बालासोर के बहानगा स्टेशन के पास एक मालगाड़ी से टकरा गई. PTI के मुताबिक इस दुर्घटना में कई पैसेंजर्स के घायल होने की आशंका है. घायलों को नजदीकी अस्पतालों में शिफ्ट कराया जा रहा है और राहत बचाव कार्य जारी है.

हादसे के तुरंत बाद ओडिशा सरकार ने ओडिशा डिजास्टर रैपिड एक्शन फोर्स को राहत बचाव-कार्य में मदद करने के निर्देश दिए और घटनास्थल पर घायलों को बाहर निकालने का काम चल रहा है.

132 लोगों के घायल होने की खबर

समाचार एजेंसी ANI ने ओडिशा के चीफ सेक्रेट्री प्रदीप कुमार जेना के हवाले से खबर दी है कि इस हादसे में अब 132 पैसेंजर्स घायल हुए हैं जिन्हें इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में शिफ्ट कर दिया गया है. हालांकि अभी इस दुर्घटना में किसी के भी हताहत होने की खबर नहीं आई है.

PM मोदी ने ट्वीट कर जताया दुख

इस घटना पर प्रधानमंत्री मोदी ने भी ट्वीट कर दुख जताया है और कहा है कि दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं पीड़ितों के परिवार के साथ है. घायलों के शिघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं. मैंने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव जी से बात करके स्थिति की जानकारी ली है.

रेलवे ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर

कोरोमंडल एक्सप्रेस एक्सिडेंट के बाद रेल मंत्रालाय ने आसपास के कई स्टेशनों के लिए हेल्पलाइन जारी की है.

  • हावड़ा हेल्पलाइन नंबर: 033-26382217

  • खड़गपुर हेल्पलाइन: 8972073925, 9332392339

  • बालासोर हेल्पलाइन: 8249591559, 7978418322

  • शालीमार हेल्पलाइन: 9903370746

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का ट्वीट

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने ट्वीट कर इस घटना पर दुख जताया. उन्होंने कहा कि हम ओडिशा सरकार से लगातार संपर्क में हैं. इसके साथ ही हमने इमरजेंसी कंट्रोल रूम को भी एक्टिव कर दिया है. पश्चिम बंगाल सरकार की तरफ से जारी हेल्पलाइन का नंबर 033- 22143526/22535185 है.

ममता बनर्जी ने आगे लिखा कि मैं खुद चीफ सेक्रेट्री और अन्य अधिकारियों के साथ लगातार स्थिति का जायजा ले रही हूं.