गूगल पे यूजर्स के लिए एक गुड न्यूज है. अब गूगल पे यूजर्स विदेश में भी UPI पेमेंट कर सकेंगे. गूगल पे इंडिया (Google India Digital Services Out Ltd.) ने बुधवार को NPCI इंटरनेशनल पेमेंट्स लिमिटेड (NIPL) के साथ एक समझौता किया है. इस MoU का उद्देश्य दूसरे देशों में UPI सर्विस का विस्तार करना है.
ये समझौता, देश के बाहर आने-जाने या रहने वाले भारतीय लोगों के लिए UPI पेमेंट के इस्तेमाल को व्यापक बनाता है, जिससे कि वे विदेश में आसानी से लेनदेन (Transaction) कर सकें. इससे उन्हें विदेशों में कैश ले जाने या इंटरनेशनल पेमेंट गेटवे का सहारा लेने की जरूरत नहीं होगी.
Google Pay ने एक बयान में कहा, इस MoU के 3 प्रमुख उद्देश्य हैं.
ये भारत के बाहर ट्रैवल करने वालों के लिए UPI पेमेंट को व्यापक बनाता है.
ये अन्य देशों में UPI जैसे डिजिटल पेमेंट सिस्टम स्थापित करने में सहायता करना है, जो निर्बाध लेनदेन के लिए एक मॉडल प्रोवाइड करेगा.
ये UPI इंफ्रास्ट्रक्चर का उपयोग कर देशों के बीच रिमिटेंस प्रोसेस को आसान बनाएगा, जिससे सीमा-पार फाइनेंशियल ट्रांजैक्शन आसान हो जाए.
ये स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप न केवल भारतीय यात्रियों के लिए विदेशी लेनदेन को सरल बनाएगी बल्कि हमें एक सफल डिजिटल पेमेंट इकोसिस्टम के ऑपरेशन के अपने नॉलेज और एक्सपर्टीज का अन्य देशों में विस्तार करने की अनुमति देगी.रितेश शुक्ला, CEO, NIPL
गूगल पे इंडिया की निदेशक (पार्टनरशिप्स) दीक्षा कौशल ने कहा कि रेगुलेटर के मार्गदर्शन में गूगल पे, NPCI और फाइनेंशियल इकोसिस्टम के लिए इच्छुक सहयोगी रहा है. ये सहयोग, पेमेंट को सरल, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने की हमारी प्रतिबद्धता की दिशा में एक और कदम है.
उन्होंने कहा, इस पार्टनरशिप का लक्ष्य भारतीय ग्राहकों तक विदेशी व्यापारियों की पहुंच प्रोवाइड कराना भी है, जिन्हें अब डिजिटल पेमेंट के लिए केवल विदेशी करेंसी, क्रेडिट या विदेशी करेंसी कार्ड पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा. उनके पास गूगल पे सहित भारत से UPI संचालित ऐप्स का उपयोग करने का विकल्प होगा.