पेमेंट ऐप PhonePe ने अकाउंट एग्रीगेटर सर्विस को लॉन्च कर दिया है. PhonePe ने अपनी सहायक कंपनी PhonePe Technology Services Pvt के माध्यम से अकाउंट एग्रीगेटर सर्विस के लॉन्च की घोषणा की है.
पिछले साल अगस्त में रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) ने पेमेंट ऐप फोन-पे (PhonePe) को अकाउंट एग्रीगेटर के तौर पर काम करने के लिए NBFC-AA लाइसेंस की सैद्धांतिक मंजूरी दी थी.
फोनपे (PhonePe) ने कहा कि 'अकाउंट एग्रीगेटर सर्विस कंज्यूमर्स को इस बात की इजाजत देगा कि वो अपने सभी वित्तीय डेटा जैसे कि बैंक स्टेटमेंट्स, इंश्योरेंस पॉलिसीज और टैक्स फाइलिंग को रेगुलेटेड वित्तीय संस्थानों या FIUs (financial information users) के साथ शेयर कर सकेंगे. जिसका इस्तेमाल लोन अप्लाई करने में, इंश्योरेंस खरीदने में और निवेश के लिए सलाह हासिल करने में किया जा सकेगा.
PhonePe पे ने यस बैंक, फेडरल बैंक और AU स्मॉल फाइनेंस बैंक जैसे फाइनेंशियल इनफॉर्मेशन प्रोवाइडर्स के साथ करार किया है. कंपनी ने कहा, 'बड़े बैंकों सहित कई अन्य फाइनेंशियल इनफॉर्मेशन प्रोवाइडर्स (FIPs) के साथ जून के अंत से पहले जुड़ने की संभावना है.
अकाउंट एग्रीगेटर सर्विस PhonePe ऐप में ही एक माइक्रो ऐप के रूप में होगा. कंज्यूमर जब चाहे ऐप के जरिए ही ऑनगोइंग डेटा के लिए दी गई सहमति को रोक सकता है या वापस ले सकता है.
अकाउंट एग्रीगेटर (AA) एक प्रकार की RBI रेगुलेटेड यूनिट है (NBFC-AA लाइसेंस के साथ) जो किसी भी व्यक्ति को सुरक्षित और डिजिटल रूप से डेटा एक्सेस करने में मदद करता है और अकाउंट एग्रीगेटर किसी रेगुलेटेड फाइनेंशियल संस्थान के साथ फाइनेंशियल संस्थान से जानकारी साझा करने में मदद करता है. हालांकि, इसमें व्यक्ति की सहमति के बिना डेटा साझा नहीं किया जा सकता है.