स्पाइसजेट ने एयरकैप की सब्सिडियरी कंपनी (AerCap's subsidiary) सेलेस्टियल एविएशन (Celestial Aviation) के साथ अपने 250 करोड़ रुपये के विवाद को आपसी बातचीत के जरिए सुलझा लिया है. स्पाइसजेट ने ये जानकारी एक्सचेंज फाइलिंग में दी है.
स्पाइसजेट ने कहा कि इसके साथ ही वो मुकदमेबाजी से बच जाएगी और 235 करोड़ रुपये की बचत होगी. एक्सचेंज फाइलिंग में कहा गया है कि दोनों पक्ष पिछले हफ्ते NCLT पहुंचे थे, और अब मामला आधिकारिक तौर पर 1 मार्च को वापस ले लिया जाएगा. दोनों ही पक्षों के प्रतिनिधियों ने पिछले हफ्ते NCLT की एक पीठ को सूचित किया था कि सेटलमेंट की शर्तें पूरी हो चुकी हैं और स्थगन का अनुरोध किया. प्रेस रिलीज में बताया गया है कि कोर्ट ने स्थगन को मंजूर कर लिया है.
स्पाइसजेट ने एरीज अपॉर्चुनिटीज फंड (Aries Opportunities Fund Ltd.) और एलारा इंडिया अपॉर्चुनिटीज फंड जैसे निवेशकों के साथ प्रेफरेंशियल इश्यू के जरिए 1,060 करोड़ रुपये जुटाए हैं, जिसका इस्तेमाल कंपनी पिछले विवादों को निपटाने के लिए करेगी.
स्पाइसजेट के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर अजय सिंह ने कहा कि मुझे ये घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि स्पाइसजेट और सेलेस्टियल एविएशन ने आपसी समझौते के जरिए हमारे 29.9 मिलियन डॉलर के विवाद को सफलतापूर्वक सुलझा लिया है. ये समझौता दोनों पक्षों के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है और जटिल चुनौतियों का सौहार्दपूर्ण समाधान खोजने की हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाता है.
इस खबर के बाद स्पाइसजेट के शेयरों में अच्छा रिबाउंड देखने को मिला था. BSE सेंसेक्स पर करीब 2 बजे 66.35 रुपये के भाव पर ट्रेड कर रहा था. ये शेयर आज 4.73% गिरकर 63.10 रुपये तक आ गया था, जो कि 15 फरवरी के बाद का सबसे निचला स्तर है. अंत में ये 2.39% की गिरावट के साथ 64.65 रुपये पर बंद हुआ है.