चंद्रयान-3 की चांद की सतह पर सफल लैडिंग (Chandrayaan-3 Landing On Moon) के बाद दुनियाभर से भारत को बधाईयां मिल रही हैं. भारत, चांद के दक्षिण ध्रुव पर पहुंचने वाला पहला देश बन गया है. इस मौके पर नेताओं, वैज्ञानिकों, बिजनेसमैन समेत आम लोग भारत की कामयाबी पर शुभकामनाएं दे रहे हैं.
रशियन प्रेसिडेंट व्लादिमीर पुतिन ने भी भारत को बधाई दी. न्यूज एजेंसी PTI के मुताबिक, क्रेमलिन की तरफ से जारी स्टेटमेंट में कहा गया, 'स्पेस एक्सप्लोरेशन की दिशा में ये बड़ा कदम है, साथ ही विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में भारत की प्रभावित करने वाली शानदार तरक्की का भी ये सबूत है.'
इस मौके पर दक्षिण अफ्रीका के प्रेसिडेंट सिरिल रामाफोसा ने कहा, 'ये हमारे ब्रिक्स परिवार के लिए बड़ा मौका और हम आपकी खुशी में शरीक हैं. इस बड़ी उपलब्धि को पाने की खुशी में हम आपके साथ हैं.'
इस मौके पर NASA के एडमिनिस्ट्रेटर बिल नेल्सन ने X पर लिखा, 'चंद्रयान-3 की चंद्रमा के साउथ पोल लैंडिंग पर ISRO आपको बधाई. और भारत को चंद्रमा पर सॉफ्ट लैंडिंग करने वाला चौथा देश बनने पर बधाई. हमें खुशी है कि इस मिशन पर हम आपके पार्टनर थे.
वहीं ESA (यूरोपियन स्पेस एजेंसी) के डायरेक्टर जनरल जोसेफ अस्कबैकर ने लिखा, 'इंक्रेडिबल! इसरो, चंद्रयान-3 और भारत के लोगों को बधाई. नई तकनीक को दिखाने और एक और सेलेस्टियल बॉडी पर सॉफ्ट लैंडिंग का शानदार तरीका. वेल डन. मैं बहुत प्रभावित हुआ.
गृहमंत्री अमित शाह ने सोशल प्लेटफॉर्म X पर लिखा, 'चंद्रयान-3 मिशन की सफलता के साथ चंद्रमा के दक्षिण ध्रुव को छूने वाला पहला देश बना भारत. इससे हमारी अंतरिक्ष संबंधी महत्वकांक्षाओं को नई ऊंचाई मिली है, इसने भारत को स्पेस प्रोजेक्ट के लिए दुनिया का लॉन्च पैड बना दिया है. इससे इंडियन कंपनीज के लिए स्पेस का गेट खुल गया है, जिससे हमारे युवाओं के लिए बड़ी मात्रा में रोजगार का सृजन होगा.'
वहीं कांग्रेस अध्यक्ष मल्ल्किार्जुन खड़गे ने कहा, '#Chandrayaan3 की सफलता प्रत्येक भारतीय की सामूहिक सफलता है. हम सब के लिए गर्व की बात है. 140 करोड़ भारतीयों ने अपने छह दशक पुराने अंतरिक्ष कार्यक्रम में आज एक और उपलब्धि देखी. हम अपने वैज्ञानिकों, space engineers, researchers और इस मिशन को सफल बनाने में शामिल सभी लोगों की लगन, कड़ी मेहनत, और समर्पण को सलाम करते हैं.'
वहीं कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने लिखा, 'टीम इसरो को आज की बड़ी उपलब्धि की बधाई. चंद्रमा के अनछुए दक्षिण ध्रुव पर पर चंद्रयान-3 की लैंडिंग हमारे वैज्ञानिक समुदाय की दशकों की मेहनत का नतीजा है. 1962 से भारत का स्पेस प्रोग्राम नई ऊंचाईयों को छू रहा है और युवा स्वप्नदर्शियों की पीढ़ियों को प्रेरित करता आया है.'
वहीं RPG एंटरप्राइजेज के चेयरमैन हर्षवर्धन गोयनका ने लिखा, 'ISRO के हमारे बेहतरीन वैज्ञानिकों और इंजीनियर्स को भारत को चंद्रमा तक पहुंचाने के लिए बधाई. ये हमारी मितव्यय वाली तकनीक के इंजीनियरिंग एक्सीलेंस का सबूत है. मेरे पास अपनी भावनाओं को जाहिर करने के लिए शब्द नहीं हैं. सिर्फ खुशी के आंसू हैं.'
महिंद्रा ग्रुप के चेयरमैन आनंद महिंद्रा ने कहा, 'इंसानियत के उदगम से ही हम चंद्रमा की तरफ देखते रहे हैं और इसका जादू को हमारे दिमाग पर छाता रहा है. आज चमत्कार और विज्ञान एक हो गया, अब जब चंद्रमा हमारी मुट्ठी में है, तब 140 करोड़ हिंदुस्तानियों के दिमाग में नए सपने पैदा होंगे.'
इसरो ने भी ट्विटर पर आभार व्यक्त किया. एजेंसी ने लिखा, 'भारत चंद्रमा पर पहुंच गया है.'