अक्टूबर में निर्यात 13.47 प्रतिशत बढ़ा, दो साल के उच्च स्तर पर

अक्टूबर में निर्यात दो साल के उच्च स्तर 13.47 प्रतिशत बढ़कर 27.2 अरब डॉलर पर पहुंच गया। हालांकि, सोने का आयात बढ़ने से व्यापार घाटे की स्थिति खराब ही रही।

वैश्विक बाजारों में सुधार से देश के निर्यात की स्थिति भी सुधरी है। अक्टूबर में निर्यात दो साल के उच्च स्तर 13.47 प्रतिशत बढ़कर 27.2 अरब डॉलर पर पहुंच गया।

हालांकि, सोने का आयात बढ़ने से व्यापार घाटे की स्थिति खराब ही रही। इससे पहले सितंबर, 2011 में देश के निर्यात में 36 फीसदी की ऊंची वृद्धि दर्ज की गई थी। समीक्षाधीन महीने में सोने और चांदी का आयात बढ़कर 1.3 अरब डॉलर हो गया, जो सितंबर में 80 करोड़ डॉलर रहा था।

अक्टूबर में व्यापार घाटा बढ़कर 10.5 अरब डॉलर पर पहुंच गया, जो सितंबर 2013 में 6.76 अरब डॉलर रहा था। अक्टूबर, 2012 में व्यापार घाटा 20.2 अरब डॉलर रहा था। साल-दर-साल आधार पर तेल का आयात अक्टूबर में 1.7 प्रतिशत बढ़कर 15.2 अरब डॉलर पर पहुंच गया। हालांकि अक्टूबर, 2012 की तुलना में कुल आयात समीक्षाधीन महीने में 14.5 प्रतिशत घटकर 37.8 अरब डॉलर पर आ गया।

वाणिज्य सचिव एसआर राव ने संवाददाताओं से कहा, निर्यात में लगातार बढ़ोतरी हो रही है... अमेरिका का प्रदर्शन बहुत अच्छा है और यूरोप का भी योगदान अच्छा है। सिर्फ दक्षिण एशिया तथा लातिनी अमेरिका को निर्यात कुछ कम है। चालू वित्तवर्ष की अप्रैल से अक्टूबर की अवधि में निर्यात 6.32 प्रतिशत बढ़कर 179.38 अरब डॉलर हो गया, जबकि इसी अवधि में आयात 3.8 प्रतिशत घटकर 270.06 अरब डॉलर रह गया। राव ने उम्मीद जताई कि देश चालू वित्तवर्ष के लिए तय 325 अरब डॉलर का निर्यात लक्ष्य प्राप्त कर लेगा।

लेखक NDTV Profit Desk
जरूर पढ़ें
1 बाजार में सपाट कारोबार, निफ्टी 22,400 के करीब; बैंक, IT पर दबाव
2 भारतीय इकोनॉमी इस साल 6.9% की दर से बढ़ेगी! UN ने बढ़ाया ग्रोथ अनुमान, क्‍या हैं कारण?
3 भारतीय बाजारों के लिए ग्लोबल संकेत खराब, ये शेयर फोकस में रखें