वीकली एक्सपायरी के पहले शेयर बाजार मजबूती के साथ बंद हुए. पूरे दिन बाजार में उतार-चढ़ाव दिखा. बिकवाली और रिकवरी के बीच बाजार संभला और दिन के उच्चतम स्तर के नजदीक बंद हुआ. IT सेक्टर को छोड़कर सभी सेक्टर्स ने बाजार में तेजी भरी. PSU बैंक ने बाजार को लीड किया और लगातार 5वें दिन शेयर बाजार हरे निशान पर बंद हुए. सेंसेक्स ने 67,171.38 और निफ्टी ने 19,851.70 का नया ऑल टाइम हाई बनाया और क्लोजिंग भी रिकॉर्ड स्तरों पर ही हुई. सेंसेक्स पहली बार 67,000 के पार बंद होने में कामयाब रहा.
एशियाई बाजारों से मिले-जुले संकेत के बीच भारतीय बाजार ने मजबूती के साथ शुरुआत की और रिकॉर्ड स्तर पर खुला. पहले हाफ में बाजार में तेजी से सेंसेक्स और निफ्टी ने नया ऑल टाइम हाई बनाया. इसके बाद बाजार में गिरावट दिखी. हालांकि दूसरे हाफ में बाजार ने दोबारा रिकवरी दिखाई और कारोबार बंद होने पर दिन के उच्चतम स्तर के नजदीक बंद हुए. इस बीच, टाटा ग्रुप के UK में गीगाफैक्ट्री की खबर से टाटा मोटर्स का शेयर 1.39% चढ़ा.
रिलायंस के 3 महीने के F&O कॉन्ट्रैक्ट्स की एक्सपायरी के पहले रिलायंस शेयर 0.76% चढ़कर बंद हुआ. वहीं, नतीजे के बाद इंडसइंड बैंक का शेयर भी 2.11% चढ़कर बंद हुआ. निफ्टी फार्मा और निफ्टी मिडकैप 100 ने नए ऑल टाइम हाई बनाए.
सेंसेक्स रिकॉर्ड ऊंचाई पर बंद
सेंसेक्स 66,905 की रिकॉर्ड पर खुला और शुरुआती कारोबार में मजबूती से नया ऑल टाइम हाई बनाया. इसके बाद बाजार में दबाव से सेंसेक्स टूटकर 66,704 के इंट्राडे लो तक गया. दूसरे हाफ में बाजार में खरीदारी दोबारा शुरू हुई, जिसके दम पर सेंसेक्स निचले स्तर से करीब 400 अंक चढ़कर 67,171.38 का नया ऑल टाइम हाई बनाया. कारोबार बंद होने तक सेंसेक्स 0.45% यानी 302 अंक मजबूत होकर 67,097 पर बंद हुआ. इसके 21 शेयरों में खरीदारी और 9 में बिकवाली रही.
निफ्टी 19,800 के पार बंद
निफ्टी 19,802 की रिकॉर्ड ऊंचाई पर खुला और दिन भर में करीब 110 अंक के उतार-चढ़ाव के बीच झूलता रहा. इस बीच सेंसेक्स 19,727 के निचले स्तर तक गया. लेकिन दूसरे हाफ में खरीदारी के चलते निफ्टी 19,851.70 के ऑल टाइम हाई तक पहुंचा. कारोबार बंद होने तक निफ्टी 0.42% यानी 84 अंक चढ़कर 19,833 पर बंद हुआ. इसके 31 शेयरों में खरीदारी और 19 में बिकवाली रही.
TOP GAINERS
NTPC (+2.78%)
बजाज फाइनेंस (+2.22%)
इंडसइंड बैंक (+2.11%)
अल्ट्राटेक सीमेंट (+1.87%)
बजाज फिनसर्व (+1.59%)
TOP LOSERS
हिंडाल्को (-1.19%)
TCS (-0.77%)
बजाज ऑटो (-0.76%)
हीरो मोटोकॉर्प (-0.63%)
मारुति (-0.6%)
PSU बैंकों ने भरा दम
PSU बैंक इंडेक्स बुधवार को 1.95% चढ़ा. इसके साथ ही बैंक निफ्टी में 0.57% की तेजी रही.
मिडकैप, स्मॉलकैप में रही तेजी
निफ्टी मिडकैप इंडेक्स 0.83% चढ़ा और इसके 36 शेयरों में खरीदारी रही. वहीं, स्मॉलकैप इंडेक्स 0.36% चढ़ा और इसके 30 शेयरों में तेजी रही.
ओवरऑल कैसा रहा कारोबार?
BSE सेंसेक्स में 2,010 शेयरों में खरीदारी रही. वहीं, 1,406 शेयर लाल निशान पर बंद हुए. 121 शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ.