जमीन अधिग्रहण कानून के तहत बढ़े हुए मुआवजे, भूमिहीन किसानों के बच्चों को रोजगार और पुनर्वास समेत कई मांगों को लेकर किसानों का आंदोलन जारी है. NDTV की रिपोर्ट के मुताबिक, किसान इस आंदोलन को तेज करने की तैयारी में हैं.
किसान आंदोलन का ट्रैफिक व्यवस्था पर भी असर पड़ने की उम्मीद है. दिल्ली और उत्तर प्रदेश की पुलिस ने दिल्ली-नोएडा सीमा के दोनों ओर बैरिकेड लगाए हैं.
यमुना एक्सप्रेसवे के जीरो प्वाइंट पर बुधवार को किसानों की महापंचायत बुलाई गई है, जिसमें किसान नेता राकेश टिकैत भी शामिल होंगे.
नोएडा के दलित प्रेरणा स्थल में धरने पर बैठे किसानों को पुलिस ने फ्रीज कर रखा है, जिससे किसान आक्रोशित हैं.
नोएडा के सेक्टर 70 में संयुक्त किसान मोर्चा के बैनर तले मीटिंग हुई, जिसमें किसान नेता सुखबीर खलीफा समेत अन्य नेताओं की गिरफ्तारी पर किसानों ने रोष व्यक्त किया.
किसान नेता अतुल यादव ने कहा है कि बुधवार की दोपहर किसान महामाया फ्लाईओवर पर हजारों की तादाद में पहुंचेगे और धरना प्रदर्शन करेंगे.
इन रास्तों पर जाम लगने की आशंका
किसानों के विरोध प्रदर्शन और पुलिस जांच के कारण चिल्ला बॉर्डर, DND फ्लाईवे, दिल्ली गेट और कालिंदी कुंज से गुजरने वाले यात्रियों को एक बार फिर परेशानी का सामना करना पड़ सकता है. नोएडा से दिल्ली और दिल्ली से नोएडा जाने वालों को किसानों के जमावड़ा के कारण परेशानी हो सकती है.
चिल्ला बॉर्डर से ग्रेटर-नोएडा की ओर जाने वाले वाहन सेक्टर 14-A फ्लाई ओवर से गोलचक्कर चौक सेक्टर 15 होकर संदीप पेपर मिल चौक, झुंडपुरा चौक से आगे की ओर जाएंगे.
ग्रेटर नोएडा से दिल्ली की ओर जाने वाले वाहन हाजीपुर अंडरपास से कालिंदी कुंज की ओर जाएंगे, जबकि सेक्टर 51 से सेक्टर 60 से मॉडल टाउन होकर निकल सकते हैं.
पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे से उतरकर सिरसा, परीचौक होकर दिल्ली जाने वाले सिरसा पर न उतरकर दादरी, डासना होकर निकल सकते हैं.
ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर प्रशासन की तरफ से काफी व्यवस्था की गई है. किसी भी तरह की असुविधा होने पर यातायात पुलिस की तरफ से लोगों के लिए हेल्पलाइन नंबर 9971009001 जारी किया गया है.