रिलांयस स्ट्रैटेजिक इन्वेस्टमेंट्स (RSIL) में अपने फाइनेंशियल सर्विसेज कारोबार की डीमर्जर स्कीम को लेकर रिलायंस इंडस्ट्रीज ने रिकॉर्ड डेट का ऐलान कर दिया है.
एक्सचेंज फाइलिंग में कंपनी ने बताया कि स्कीम को 1 जुलाई से प्रभावी माना जाएगा, जबकि रिकॉर्ड डेट 20 जुलाई तय की गई है. नेशनल कंपनी लॉ ट्रिब्यूनल यानी NCLT ने योजना को मंजूरी दे दी है.
स्कीम के तहत, डीमर्जर के बाद रिलांयस स्ट्रैटेजिक इन्वेस्टमेंट्स (RSIL) को जियो फाइनेंशियल सर्विसेज के नाम से जाना जाएगा. इसे स्टॉक एक्सचेंजेज पर लिस्ट भी किया जाएगा.
रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरहोल्डर्स को एक शेयर के बदले, नई लिस्ट होने वाली कंपनी जियो फाइनेंशियल सर्विसेज का एक शेयर मिलेगा.
कंपनी ने एक्सचेंज फाइलिंग में ये भी बताया कि हितेष कुमार सेठिया को इस पुनर्गठित कंपनी का MD और CEO नियुक्त किया जाएगा जिसे RSIL के बोर्ड ने मंजूरी दे दी है. इनका कार्यकाल 3 साल का रहेगा. हालांकि, इसे लेकर कंपनी के शेयरहोल्डर्स और रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया की मंजूरी बाकी है.
राजीव महर्षि, सुनील मेहता और बिमल मनु तन्ना को 5 साल के लिए इंडिपेंडेंट डायरेक्टर्स के तौर पर नियुक्त किया गया है. वहीं रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी (Mukesh Ambani) की बेटी ईशा अंबानी को बतौर नॉन-एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर नियुक्त किया गया है. अंशुमन ठाकुर को भी नॉन-एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर बनाया गया है.
शुक्रवार को नेशनल स्टॉक एक्सचेंज पर रिलायंस इंडस्ट्रीज का शेयर 0.2% गिरकर 2,633.60 के भाव पर बंद हुआ.